अमर उजाला ब्यूरो
भुंतर (कुल्लू)। जिला कुल्लू के प्रवेश द्वार भुंतर में उत्तराखंड पर्यटक के साथ छीना झपटी का मामला सामने आया है। पुलिस ने पर्यटक की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना मंगलवार रात को पेश आई। भुंतर बस स्टैंड पर उत्तराखंड का एक पर्यटक बस का इंतजार कर रहा था। उसके साथ ही एक व्यक्ति साथ में खड़ा हो गया। इससे पहले कि पर्यटक सत्यजीत कुछ समझ पाता तो शातिर ने मौका देखकर पर्यटक से छीना झपटी की।
शातिर उसके गले से एक सोने की चेन, और एक कड़ा ले गया। इसके बाद उसने पुलिस के पास आपबीती सुनाई। पुलिस को अंदेशा है कि इस वारदात को किसी नशेड़ी ने ही अंजाम दिया है। उधर, भुंतर शहर में नशेड़ियों की ओर से लगातार छीना झपटी के मामलों के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से मांग करते हुए कहा है कि नशेड़ियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। डीएसपी कुल्लू आशीष शर्मा ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की छानबीन चल रही है।