अमर उजाला ब्यूरो
बंजार (कुल्लू)। उपमंडल बंजार की ग्राम पंचायत चैहणी के अंतर्गत आने वाली संकीर्ण धार में एक मजदूर पर लकड़ी के करीब चार ठेले गिरने से उसकी मौत हो गई। मजदूर संकीर्ण धार जंगल में ठेकेदार के पास काम करता था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आलम चंद (42) पुत्र श्याम चंद, गांव जकलेहड़, डाकघर दोघरी, तहसील व जिला कुल्लू पिछले काफी समय से वन निगम के एक ठेकेदार के पास काम करता था। ठेकेदार ने वन निगम का काम लिया हुआ था। रविवार करीब चार बजे जब यह मजदूर लकड़ी का काम कर रहा था तो अचानक लकड़ी के तीन से चार बड़े ठेले उसके ऊपर जा गिरे। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मजदूर की हालत को देखते हुए उसे बंजार अस्पताल उपचार के लिए लाया गया। डॉक्टरों ने मजदूर को कुल्लू अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसकी मौत हो गई। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी बंजार सीआर चौधरी ने की। कहा कि मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।