कुल्लू। जिला कुल्लू में दो दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। मनाली के नेहरूकुंड के पास एक युवा पर्यटक की पांव फिसलने से मौत हो गई और कलैहली में निगम की बस की चपेट में आने से व्यक्ति ने दम तोड़ दिया है। पुलिस ने केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मनाली के साथ लगते नेहरू कुंड के पास एक पर्यटक युवक फोटो ले रहा था इस दौरान उसका पांव फिसल गया और गहरी खाई में जा गिरा जहां उसकी मौके पर ही मौत हो गई। 31 वर्षीय मनीष कुमार पुत्र कृष्ण दत्त, निवासी जाकसी, तहसील गोहाना सोनीपत हरियाणा निवासी रविवार दोपहर करीब दो बजे अपने दोस्त ईश्वर, सुरेंद्र तथा जगवीर के साथ मनाली से सोलंगनाला की ओर जा रहा था। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मनाली अस्पताल भेज दिया है।
वहीं दूसरा हादसा भुंतर के साथ लगते कलैहली के पास हुआ। जहां एक व्यक्ति शनिवार रात को कुल्लू से मंडी की ओर जा रही निगम की बस की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को उपचार के लिए पीजीआई रेफर किया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। मृतक व्यक्ति की पहचान 36 वर्षीय पैने राम निवासी शाढ़ानाला के रूप में हुई। एएएसपी कुल्लू एनएस नेगी ने कहा कि मनाली में पर्यटक व कलैहली में एक व्यक्ति की बस के लगी टक्कर सेे मौत हो गई है। पुलिस दोनों केसों की जांच कर रही है।