जरी (कुल्लू)। धार्मिक नगरी मणिकर्ण से बरशैणी को जोड़ने वाले मार्ग पर एक पर्यटक वाहन गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक पर्यटक युवक की मौत हो गई। वहीं गाड़ी में सवार पांच अन्य घायल हो गए। इनका क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में उपचार चल रहा है। पुलिस ने केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मणिकर्ण घाटी के सैर सपाटे पर आए सभी छह युवा पर्यटक छात्र बताए जा रहे हैं। ये छह जून को ही मणिकर्ण के कसोल पहुंचे थे। बुधवार सुबह ये तोष के लिए रवाना हुए और मणिकर्ण-बरशैणी मार्ग के मध्य आने वाले सरकट नाला के पास उन्होंने फोटोग्राफी भी की, लेकिन गाड़ी में तेल खत्म होने से वापस मणिकर्ण के लिए रवाना हुए। रास्ते में वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में सभी छह छात्र घायल हो गए और उन्हें उपचार के लिए जरी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन 25 वर्षीय दीपक एहलावत पुत्र राजेंद्र निवासी सिरसा हरियाणा को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य पांच युवाओं को कुल्लू अस्पताल लाया गया। घायलों की पहचान 20 वर्षीय जसकरण सिंह पुत्र सुबा सिंह, 16 वर्षीय अभि पुत्र दिलप्रीत, 18 वर्षीय जसदेव पुत्र नायब सिंह, 21 वर्षीय गुरकिरत पुत्र सरदार रेशम सिंह तथा 21 वर्षीय कुलजीत सिंह के रूप में हुई। ये सभी सिरसा हरियाणा के बताए जा रहे हैं।
मामले की जांच कर रहे मणिकर्ण चौकी के सब इंस्पेक्टर जय गोपाल ने कहा कि हादसे में घायल पांच युवाओं में से जसकरण सिंह तथा अभि की हालत ठीक है। वहीं तीन अन्य युवाओं का कुल्लू अस्पताल में उपचार चल रहा है। उन्होंने कहा कि मृतक युवा के परिजनों को सूचित कर दिया है और उनके यहां पहुंचने पर ही पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। एएसपी कुल्लू एनएस नेगी ने कहा कि पुलिस ने केस दर्जकर सड़क हादसे की जांच शुरू कर रही है।