बराधा में डेढ़ मंजिला मकान
राख, चार लाख का नुकसान
किचन में सिलिंडर फटने से भड़की आग से मची अफरातफरी
जिला में आए दिन हो रही आग की घटनाओं से सहमे लोग
अमर उजाला ब्यूरो
भुंतर (कुल्लू)। धार्मिक नगरी मणिकर्ण घाटी के बराधा पंचायत के शाटगढ़ गांव में एक डेढ़ मंजिला मकान जलकर राख हो गया है। घटना में करीब चार लाख रुपये का नुकसान आंका गया है। राजस्व विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंच कर नुकसान का आकलन करना शुरू कर दिया है। पुलिस ने भी केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार आग की घटना शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे पेश आई जब रसोई में चाय बनाई जा रही थी। इस दौरान एलपीजी सिलिंडर ने आग पकड़ी। सिलिंडर में आग पकड़ते देख परिवार के लोग जान बचाकर कमरे से निकले और सिलिंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ और गांव में अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते लकड़ी का बना डेढ़ मंजिला मकान जलकर राख हो गया है। हालांकि ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का भरपूर प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। ग्राम पंचायत बराधा के उपप्रधान चुनी लाल ने कहा कि शाटगढ़ गांव के कन्हैया लाल का यह डेढ़ मंजिला मकान पूरी तरह से राख हो गया है। घटना में करीब चार लाख की क्षति हुई है। आग की सूचना मिलते ही जरी पुलिस चौकी की एक टीम मौके पर पहुंची और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। एसडीएम कुल्लू अमित गुलेरिया ने कहा कि राजस्व विभाग के कानूनगो व पटवारी को नुकसान का आकलन करने को कहा गया है। प्रशासन पीड़ित लोगों के साथ है और नियमावली के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि जिला कुल्लू मेें राजाना लग रही आग की घटनाओं से जिलावासी सहम गए हैं।