कुल्लू। जिला मुख्यालय के साथ लगते रामशिला के मठ क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक तीन मंजिला मकान में आग लग गई। जिसमें एक किरायेदार भी झुलस गया। जिसका उपचार क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में करवाया गया। आग से मकान की पहली मंजिल के दो कमरे जलकर राख हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर नुकसान का जायजा लिया और केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे लगी आग से पूरे मठ इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मकान की पहली मंजिल में लगी आग का कारण सिलिंडर का लीक होना बताया जा रहा है। इस दौरान किराए दार संसार चंद निवासी पांगी चंबा ने जलते सिलिंडर को बाहर फेंका अन्यथा सिलिंडर फटने से बड़ा हादसा हो सकता था। इस दौरान व्यक्ति का मुंह और हाथ झुलस गए। जिसका बाद में क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में उपचार करवाया।
जांच अधिकारी हैड कांस्टेबल जय सिंह ने कहा कि आग लगने से सोने का एक मंगलसूत्र, सोने की एक चैन व दो सोने की बालियां समेत कमरों रखा गया सामान पूरी तरह से राख हो गया है। आग से करीब साढ़े तीन लाख रूपये का नुकसान आंका गया है।
उन्होंने कहा कि रविंद्र नाथ के मकान की पहली मंजिल के दो कमरे जल गए हैं। मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग कुल्लू की टीम ने आग पर काबू पाया। एएसपी कुल्लू एनएस नेगी ने कहा कि पुलिस ने केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। एसडीएम कुल्लू अमित गुलेरिया ने कहा कि राजस्व विभाग के पटवारी को नुकसान को आकलन के लिए भेजा गया है। पीड़ित परिवार को प्रशासन की तरफ से नियमावली के तहत मुआवजा दिया जाएगा।