अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। पार्वती घाटी के मलाणा पावर प्रोजेक्ट के विश्राम गृह के पास सेल्फी लेते समय एक चालक पार्वती नदी में जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने रेस्क्यू टीम के साथ करीब छह घंटे बाद शव को बरामद कर लिया है। जरी पुलिस ने केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 11 बजे के आसपास जयपुर राजस्थान से घूमने आए सैलानियों का चालक मलाणा बिजली प्रोजेक्ट दो के विश्राम गृृह के पास सेल्फी ले रहा था, जहां उसका पांव फिसल गया और पार्वती नदी में
जा गिरा।
हादसे की सूचना के बाद जरी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय रेस्क्यू दल नेगी हिमालयन एडवेंचर के साथ तलाशी अभियान शुरू किया। इसके बाद शाम करीब पांच बजे के आसपास घटनास्थल से 200 मीटर दूर से शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कुल्लू अस्पताल भेज दिया है। यहां पर बुधवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। मृतक चालक की पहचान 30 वर्षीय चरणजीव पुत्र नारायण सिंह निवासी ब्राह्मणों का मोहल्ला खारोविसल, जयपुर, राजस्थान के रूप में हुई है। एएसपी कुल्लू राज कुमार चंदेल ने कहा कि पुलिस ने केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।