अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। हाईकोर्ट के आदेश पर भुंतर से रामशिला के बीच पाए गए 170 अवैध कब्जों को हटाने के लिए लोनिवि ने प्रक्रिया तेज कर दी है। विभाग ने अब अतिक्रमणकारियों को नोटिस देने की तैयारी की दी है। इसमें कब्जाधारियों को लोनिवि के अवैध कब्जों को छोड़ने के लिए सात दिन का समय दिया जाएगा।
राजस्व विभाग की निशानदेही में भुंतर से रामशिला तक 170 अवैध कब्जे पाए गए हैं। राजस्व विभाग ने 45 अवैध कब्जों की पहली लिस्ट लोक निर्माण विभाग को सौंपी है। इसको लेकर विभाग ने आगामी कार्रवाई करते हुए प्रथम चरण में सभी लोगों को नोटिस देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नोटिस सात दिनों का होगा, जिसमें उन्हें अवैध कब्जों को खुद हटाना होगा। नोटिस के अंतर्गत काम न करने पर विभाग स्वयं रिहायशी मकान, दुकानों व होटलों को गिरा देगा। उल्लेखनीय है कि राजस्व विभाग ने 13 किलोमीटर के दायरे में 170 अवैध कब्जों को चिन्हित किया है। प्रदेश हाईकोर्ट के आदेश पर हो रही कार्रवाई में अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है। निशानदेही रिपोर्ट में करीब 80 फीसदी से अधिक मकान अवैध कब्जे हैं, जबकि 20 प्रतिशत में दुकानें, होटल व अन्य प्रतिष्ठान शामिल हैं। लोनिवि बंजार के अधिशासी अभियंता चमन लाल ठाकुर ने कहा कि उन्हें राजस्व विभाग से 45 अवैध कब्जों की रिपोर्ट मिली है। इसकी स्टडी की जा रही है। इसके बाद विभाग की ओर से लोगों को नोटिस भेजे जाएंगे। इसको लेकर विभाग गंभीरता से काम कर रहा है। एसडीएम कुल्लू डॉ. अमित गुलेरिया ने कहा कि अवैध कब्जों को हटाने का काम लोनिवि की ओर से किया जाएगा। दो दिनों में अन्य कब्जों की रिपोर्ट भी लोनिवि के अधिकारियों को सौंपी जाएगी।