तीन किलो चरस के साथ दबोचा तस्कर
बंजार के चीलाधार जिभी में मिली सफलता
मामला दर्ज कर जांच में जुटी बंजार पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
बंजार (कुल्लू)। बंजार पुलिस ने बुधवार देर रात गश्त के दौरान एक चरस तस्कर को तीन किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया अमल पर लाई जा रही है। आरोपी से कड़ी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बंजार पुलिस की टीम थाना प्रभारी सीआर चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार देर रात चीलाधार जिभी की ओर गश्त पर थी। इस बीच एक व्यक्ति पर पीठ पर झोला उठाए आ रहा था। जिसे पुलिस ने शक के आधार पर तलाशी लेने के लिए रोका लेकिन उक्त व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गया। जिस पर पुलिस का शक गहरा गया और तलाशी लेने पर व्यक्ति के कब्जे से तीन किलो दो ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान नारायण सिंह पुत्र स्व. अनंत राम निवासी छुनार डाकघर बछुट तहसील बंजार जिला कुल्लू के रूप में हुई है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। कोर्ट से रिमांड मिलने पर आरोप से कड़ी पूछताछ की जाएगी कि यह खेप कहां से लाई गई थी और कहां ले जाई जानी थी। मामले से जुड़े बैकवर्ड व फारवर्ड लिंकेज को भी खंगाला जा रहा है।
इधर, पुलिस थाना बंजार प्रभारी सीआर चौधरी ने बताया कि आरोपी के विरुद्घ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। छानबीन जारी है। वहीं, डीएसपी मुख्यालय आशीष शर्मा ने बताया कि नशे के विरुद्घ पुलिस का अभियान जारी है। आरोपी से खेप को लेकर पूछताछ की जा रही है।