कुल्लू। पुलिस ने रायसन के एक व्यक्ति से ओएलएक्स पर कार खरीदने के नाम पर 45000 रुपये की ठगी को अंजाम देने वाले शातिर को पकड़ा है। आरोपी को मथुरा से गिरफ्तार कर कुल्लू लाया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने मारुति सियाज कार बेचने के लिए ओएलएक्स पर विज्ञापन दिया था। इस पर उनको एक खरीदार का कॉल आया, जिसके साथ उन्होंने गाड़ी की कीमत की डील पक्की की।
शातिर ने अग्रिम राशि 25000 रुपये देने के लिए शिकायतकर्ता के खाते में 10 रुपये भेजे। इसके साथ ही 5000 रुपये के लेनदेन की रिक्वेस्ट भेजी, जिसे शिकायतकर्ता ने रद्द किया। शातिर ने शिकायतकर्ता के गूगल पे अकाउंट की कुछ जानकारी ली और उसके खाते से 45000 रुपये धोखे से निकाल लिए। शिकायतकर्ता ने 15 मार्च 2020 को इसकी शिकायत पुलिस थाना कुल्लू में दी। पुलिस की विशेष जांच टीम आरोपी का पता लगाते हुए जिला मथुरा, उत्तर प्रदेश पहुंची। यहां पता चला कि आरोपी का गांव उत्तर प्रदेश और राजस्थान के बॉर्डर पर है। वहां के ज्यादातर लोग ऐसे ही फ्रॉड केस करते रहते हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस और हिमाचल पुलिस कुल्लू के करीब 40 लोगों की एक ज्वाइंट रेडिंग टीम बनाई गई। आरोपी के ठिकानों पर शुक्रवार रात दबिश दी गई। धोखाधड़ी के मामले में मुख्य सरगना आरोपी अलीम (20), पुत्र याक्त निवासी दलौतपुर, गार्वधन, जिला मथुरा, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया। एसपी गौरव सिंह ने कहा कि इस आरोपी ने हिमाचल में अन्य लोगों के साथ भी ठगी को अंजाम दिया हैं, जिनकी जांच जारी है। कुल्लू पुलिस ने सभी लोगों से अपील की है कि इस प्रकार के फ्रॉड से सावधान रहें। किसी भी कीमत पर ओटीपी या बैंक की जानकारी न दें। साथ ही किसी अनजान के अकाउंट में पैसे जमा न करें।