कुल्लू। जिला मुख्यालय के समीप शनि मंदिर के पास चुराई बोलेरो पिकअप के साथ पकड़ा गया आरोपी युवक शातिर वाहन चोर है। एक दर्जन से अधिक गाड़ियाें समेत 9 साइकिल की चोरी में उसकी संलिप्तता सामने आ चुकी है। रात के अंधेरे में सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को उड़ा ले जाना उसके बाएं हाथ का खेल है। आरोपी युवक मंदिरों में छोटी-मोटी चोरी करने का भी आदी है। चोरी के ही मामले में वह छह महीने जेल की सजा काट चुका है।
पुलिस ने 17 जून को आरोपी 20 वर्षीय रामशरण उर्फ यश, पुत्र पुनीत गौड़, गांव चौकी डोभी, डाकघर पूईद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पुलिस थाना कुल्लू में दर्ज एक चोरी के मामले में जेल रहा है। आरोपी कॉलेज ग्राउंड से एक पिकअप लेकर गया जो मंडी से बरामद की गई थी। सरवरी से ऑल्टो 800 जो स्वारघाट से बरामद हुई। शीतला माता मंदिर से ऑल्टो 800 जो सुंदरनगर से बरामद की गई। न्यूली से ऑल्टो जो पंडोह से बरामद हुई। अब तक इसने 9 साइकिल भी चुराई है। बंदरोल से चुराई हुई एक साइकिल के केस में आरोपी ने सजा भी काटी। जेल से छूटने के बाद तथा पिछले महीने लॉकडाउन खुलने के बाद आरोपी ने सब्जी मंडी अखाड़ा बाजार से एक ट्राला चोरी किया जो गुलाबा से रिकवर किया गया। पतली कूहल से सूमो लेकर गया जिसे अगली सुबह पतलीकूहल नग्गर रोड पर बरामद किया गया। टैक्सी स्टैंड मनाली से ऑल्टो लेकर गया जिसे स्थानीय लोगों की मदद से शिरड़ से बरामद किया। एक बोलेरो कैंपर देवधार से चुराकर ले गया जिसे अरछंडी से बरामद कर किया गया। एसपी गौरव सिंह ने कहा कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।