चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर स्थित रायसन में चोर गिरोह ने यूको बैंक के एटीएम को लूटने का प्रयास किया। शातिरों ने एटीएम बूथ में घुसकर कैश बॉक्स में तोड़फोड़ की। वहीं रायसन बाजार में दस दुकानों के ताले तोड़ डाले। संगठित अपराध की इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है।
लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हो उठे हैं। मामले की गंभीरता को देख एएसपी निश्चिंत सिंह नेगी ने मौके का मुआयना किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक वीरवार देर रात शातिर यूको बैंक एटीएम समन्वयक तापेराम, रायसन बाजार में दुकान चला रहे प्रेमा, भगतराम, धर्मपाल, बिमला देवी, विजय कुमार, ताराचंद, हेम चंद, राजीव शुक्ला और बिजली बोर्ड के जेई सुनील शर्मा ने दुकान और ऑफिस के ताले टूटे पाए जाने पर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
उल्लेखनीय है कि ‘अमर उजाला’ की 17 फरवरी को देर रात की गई पड़ताल में पाया था कि रात दस बजे के बाद यहां पर कोई भी पुलिस वाला ड्यूटी पर नहीं होता है। रायसन पंचायत की प्रधान अंजली शर्मा ने पुलिस से एनएच पर गश्त बढ़ाने की मांग की है।
एएसपी निश्चिंत नेगी ने बताया कि पुलिस ने घटना स्थल से रॉड, छेनी और चिमटा बरामद किया है। सीसीटीवी फुटेज मिलते ही मामले को ट्रेस किया जाएगा। भाजपा मनाली मंडल महामंत्री अखिलेश कपूर के अनुसार चोर अब एनएच जैसे व्यस्त रोड पर स्थित एटीएम और दुकानों में भी सेंधमारी करने से गुरेज नहीं कर रहे हैं। जिससे लोग सहमे हुए हैं। उन्होंने पुलिस से मांग की है पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जाए।