गुशैणी (कुल्लू)। उपमंडल बंजार की तीर्थन घाटी की शिल्ही पंचायत के सैनिक लगन चंद के सम्मान में इस बार भी भींडी थाच में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। यह टूर्नामेंट तीर्थन घाटी में 8700 फीट ऊंचे भींडी थाच में सात अप्रैल से शुरू होगा। शहीद लगन चंद मेमोरियल क्रिकेट कप सीजन-4 में विजेता टीम को ट्राॅफी के 1,11,111 रुपये का इनाम रखा है जबकि उप विजेता को 55,555 रुपये दिए जाएंगे
खेलकूद एवं पर्यटन विकास समिति शिल्ही हर साल की तरह इस बार भी गरूली गांव के शहीद सैनिक लगन चंद की याद में आयोजन कर रही है। घने जंगलों से घिरे मैदान में होने वासी इस प्रतियोगिता में बंजार के साथ-साथ जिले के दूसरे क्षेत्रों की टीमें भी भाग लेंगी। इसके लिए पंचायत के गरूली और परवाड़ी गांवों की खेलकूद एवं पर्यटन विकास समिति और युवक व महिला मंडल के लोग भिंडी थाच की सफाई में जुट गए हैं। समिति के अध्यक्ष मुरारी कायथ, उपाध्यक्ष रणजीत सिंह, सचिव केहर सिंह और कोषाध्यक्ष खेमराज ने बताया कि गरूली गांव के युवा सैनिक शहीद लगन चंद की स्मृति में उनके शहीदी दिवस सात अप्रैल से ही प्रतियोगिता का शुभारंभ होता है। इन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर लगभग सभी तैयारियां हो गई हैं। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए टीमों का पंजीकरण शुरू हो चुका है। पंजीकरण की अंतिम तारीख 31 मार्च रखी गई है। अध्यक्ष मुरारी कायथ ने कहा कि भाग लेने वाली टीमों को ठहराव के साथ उनके खाने की व्यवस्था की गई है। प्रति टीम प्रवेश का शुल्क 5,500 रुपये रखा गया है। शिल्ही के उपप्रधान मोहर सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने और सेना में जाने के लिए प्रेरित करना है।