-आईसीसी के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी अनुराग दहिया करेंगे शुभारंभ
-गोविंद ठाकुर बोले- प्रतियोगिता में इस बार 64 टीमें ले रहीं भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुशैणी (कुल्लू)। स्व. दिले राम शबाब की स्मृति में नागनी खेल मैदान में क्रिकेट प्रतियोगिता बुधवार से शुरू होगी। शेर-ए-सिराज युवक मंडल दाड़ी नागनी और तीर्थन संरक्षण एवं पर्यटन विकास संघ के संयुक्त तत्वावधान में होने वाली प्रतियोगिता का शुभारंभ आईसीसी के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी अनुराग दहिया करेंगे। वह इन दिनों तीर्थन घाटी के निजी दौरे पर हैं। इस दौरान पर्यटन संघ के अध्यक्ष एवं स्वर्गीय दिले राम शबाब के पोते वरुण भारती भी उपस्थित रहेंगे।
प्रतियोगिता के मुख्य संचालक गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि इस बार 64 टीमें भाग ले रही हैं। खेल मैदान को समतल किया गया है। विजेता टीम को 1,11,111 रुपये नकद और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 55,555 रुपये नकद और कप प्रदान किया जाएगा। कुल्लू की पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, विभागों और स्थानीय टीमों को आमंत्रित किया गया है। आयोजन के अंत में महिला रस्साकशी और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।