दुर्घटना संभावित स्थलों पर जागरूकता अभियान चलाने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। जिले में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए दुर्घटना संभावित स्थलों को चिह्नित कर क्रैश बैरियर, रंबल स्ट्रिप्स और यातायात संकेतक लगाए जाएंगे। स्कूलों के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी। इसके लिए सीसीटीवी कैमरे और कन्वेक्स मिरर लगाने के साथ विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। मंगलवार को जिला मुख्यालय केलांग में उपायुक्त निवेदिता नेगी की अध्यक्षता में हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में ये निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से सड़क सुरक्षा के उपाय प्रभावी ढंग से लागू करने को कहा। उन्होंने व्यावसायिक वाहनों में ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग रोकने के लिए नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। बैठक में सड़क सुरक्षा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम और प्रधानमंत्री राहत योजना (पीएम राहत) पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद गोल्डन ऑवर में घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाना बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे करने और आम जनता को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। बैठक में डीएसपी केडी शर्मा, आरटीओ आकांक्षा शर्मा, एसडीएम उदयपुर ओम प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। संवाद