चरस तस्करी के 86 चिट्टा के 66 मामलों में 98 आरोपी किए गिरफ्तार
नशे के कारोबार में 11 महिलाएं भी शामिल, आठ चिट्टा के साथ पकड़ीं
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला पुलिस ने चरस के काले कारोबार पर शिकंजा कर दिया है लेकिन सफेद नशा चिट्टा की तस्करी लगातार बढ़ रही है। इस साल जिले में पुलिस ने 208 मामलों में करीब 39 किलोग्राम चरस और एक किलो 637 ग्राम चिट्टा पकड़ा है।
इसमें 215 लोगों को गिरफ्तार किया जबकि वर्ष 2024 में पुलिस ने 73 किलो चरस और चिट्टा 998 ग्राम चिट्टा पकड़ा था।
चरस की तस्करी के लिए बदनाम कुल्लू घाटी में पुलिस ने इस पर शिकंजा कस दिया है। पिछले वर्षों से इसमें लगातार गिरावट आई है जबकि चिट्टा में लगातार वृद्धि दर्ज हुई है। चिट्टा के समूल नाश करने के लिए सकार ने भी नशा मुक्त हिमाचल अभियान चलाया है। खासकर युवा पीढ़ी इसकी चपेट में आ रही है। वर्ष 2025 की बात की जाए तो 30 नवंबर तक जिले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के 86 केस दर्ज कर 38 किलो 729 ग्राम चरस पकड़ी है। इसमें तीन महिलाओं के साथ 95 लोगों को दबोचा है। चिट्टा की बात करें तो 66 केसों में 98 आरोपी गिरफ्तार किए हैं। आठ महिलाएं भी हैं। पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने कहा कि पुलिस ने इस वर्ष तीन लाख 45 हजार भांग के पौधे और अफीम के दो लाख से अधिक पौधों को खेतों में नष्ट किया है। इसमें 45 केस दर्ज हुए हैं। अफीम के दो केसों में 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। केटामाइन और हशीश तेल के आठ मामलों में दो विदेशी और आठ भारतीय शामिल हैं।
चिट्टा में लगातार बढ़ रही महिला तस्करों की संख्या
नशे के कारोबार महिलाएं भी बढ़ी संख्या में शामिल हो रही हैं। 2025 में 11 महिलाओं को एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार किया है। 2020 में 16, 2021 में 18, 2022 में 13, 2023 में 13 और 2024 में 17 महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
चरस घटी, चिट्टा की तस्करी बढ़ी
जिले में चरस के मामलों में कमी आई है। चिट्टा के केस लगातार बढ़ रहे हैं। 2020 में जिले में 169.732 किलोग्राम चरस और 476.427 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। 2021 में सबसे अधिक 286.376 किलो ग्राम चरस और 7.434 किलो ग्राम चिट्टा, 2022 में 116 किलो चरस और 1.191 किलो ग्राम चिट्टा, 2023 में 117.248 किलोग्राम चरस और 1.284 किलोग्राम चिट्टा, 2024 में 73.245 किलोग्राम चरस और 998.707 ग्राम चिट्टा पकड़ा है।