कुल्लू। देवी-देवताओं के महाकुंभ कुल्लू दशहरा को लेकर तैयारियां तेज हो गई है। सोमवार को मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर ने अधिकारियों के साथ 24 अक्तूबर से आरंभ हो रहे अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव की तैयारी को लेकर प्रदर्शनी मैदान का जायजा लिया। उन्होंने यहां दशहरा के दौरान होने वाली विभिन्न गतिविधियों के लिए स्थान को सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की।
कहा कि प्रदर्शनी मैदान में इस बार एक अतिरिक्त मंच की स्थापना की जाएगी जिसमें विभिन्न कलाकारों को दिन के समय अपनी कला का प्रदर्शन करने का अवसर दिया जाएगा। उन्होंने यहां पर शौचालय, पेयजल और बिजली इत्यादि की सुविधाओं के लिए भी अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
सीपीएस ने इसके पश्चात पुराने एसबीआई ग्राउंड का भी जायजा लिया, जहां दशहरा में आने वाले विभिन्न देवी-देवताओं के बैठने की व्यवस्था रहती है। इसके बाद सरवरी में बनाए जा रहे पार्किंग स्थल का भी निरीक्षण किया। भूतनाथ पुल का भी जायजा लिया। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष पंकज परमार, सहायक आयुक्त शशिपाल शर्मा, डीएफओ एंजल चौहान, नगर परिषद अध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत, एसके धीमान, रसिक शर्मा, दानवेंद्र सिंह तथा जिला देवी देवता कारदार संघ के अध्यक्ष दोत राम ठाकुर भी उपस्थित थे।