पंचायत की ग्रामसभा में ग्रामीणों ने उठाई मांग, तीन दिन का दिया अल्टीमेटम
एक साल से बंद पड़ी है निगम की बस सेवा, हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुशैणी (कुल्लू)। तीर्थन घाटी की ग्राम पंचायत शरची के ग्रामीणों ने एचआरटीसी प्रबंधन और सरकार को आगाह है कि अगर तीन दिन के अंदर शरची रूट पर बस नहीं चलाई तो लोग सड़कों पर उतरेंगे। बुधवार को ग्राम पंचायत शरची की ग्रामसभा में ग्रामीणों ने बस न चलाने को लेकर सरकार और निगम प्रबंधन के प्रति रोष जताया।
एक साल से शरची रूट पर एचआरटीसी की बस सेवा बंद पड़ी है। इससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत शरची की ग्रामसभा पंचायत भवन तलिहार में हुई। इसकी अध्यक्षता ग्राम पंचायत शरची की प्रधान रामेश्वरी ठाकुर ने की। इस दौरान विभिन्न मामलों पर चर्चा की गई। ग्राम सभा में लोगों ने मांग रखी कि शरची रूट पर निगम की बस को जल्द शुरू किया जाए। बस सुविधा न मिलने के कारण 12 से अधिक गांवों के लोगों को दिक्कतें पेश आ रही हैं। शरची पंचायत के बच्चे गुशैणी में पढ़ाई करने जाते हैं। बस सुविधा न मिलने से उन्हें पैदल ही चलना पड़ता है। पंचायत समिति सदस्य लीलादेवी, शरची पंचायत उपप्रधान सुरेंद्र ठाकुर, ग्रामीण दिनेश्वर ठाकुर, तिलक राज, मुरारी लाल शर्मा, हरी सिंह ठाकुर, पुरुषोतम सिंह, लाल सिंह, उत्तम राम, तिलक राज ने कहा कि पिछले साल शरची सड़क पर भूस्खलन हुआ था। उसके बाद सड़क की हालत खराब है। न तो सड़क की मरम्मत की जा रही है और न ही बस चलाई जा रही है। ग्राम सभा में निर्णय लिया गया है कि अगर तीन दिनों के भीतर इस रूट पर बस नहीं चलाई तो लोग सड़क पर उतरकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।
....
लोगों ने शरची रूट पर बस चलाने की मांग रखी है। मांग के बाद ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित किया गया है। प्रस्ताव को हिमाचल पथ परिवहन निगम और लोक निर्माण विभाग को दिया जाएगा।
-रामेश्वरी ठाकुर, प्रधान ग्राम पंचायत शरची
000