सैंज की पांच पंचायतों के ग्रामीणों ने उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यूली (कुल्लू)। सैंज घाटी के सैंज-न्यूली-शैंशर रूट पर दो साल से एचआरटीसी की बस सेवा न होने से ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र की पांच ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने परिवहन निगम से रूट पर बस सेवा शुरू करने की मांग उठाई है। बस सुविधा न होने से ग्राम पंचायत शैंशर, सुचैहण, गाड़ापारली, देहुरीधार और शांघड़ के ग्रामीणों को मजबूरन टैक्सियों में महंगा सफर करना पड़ रहा है।
सैंज-न्यूली-शैंशर रूट पर एचआरटीसी की बस शैंशर से सैंज के लिए सुबह 06:46, सैंज से शैंशर के लिए 11:15, शैंशर से सैंज के लिए दोपहर 02:00 और शाम को सैंज से शैंशर के लिए 04:45 बजे संचालित की जाती थी। बस के संचालन से ग्रामीणों को बेहतर यातायात सुविधा मिल रही थी।
दो साल से बस सेवा बंद है। ग्रामीण गिरधारी लाल, रोशन लाल, भागीरथ, चुनी लाल, प्रेम सिंह, निमत राम ने कहा कि एचआरटीसी बस सेवा बंद होने से पांच पंचायतों के ग्रामीणों को परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने निगम से बस संचालन की मांग की है। इस संबंध में निगम के मंडलीय प्रबंधक डीके नारंग ने कहा कि स्थानीय बस अड्डा प्रभारी से रिपोर्ट मांगी जाएगी। संवाद