लाहौल में शुक्रवार को दोपहर बाद क्षेत्रीय अस्पताल केलांग पहुंची कोरोना वैक्सीन।
- फोटो : Kullu
केलांग (लाहौल-स्पीति)। देशभर में 16 जनवरी से शुरू हो रही कोविड वैक्सीनेशन कार्यक्रम के तहत लाहौल-स्पीति में भी वैक्सीन के 300 डोज पहुंच गए हैं। अटल टनल रोहतांग होकर शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे वैक्सीन की 200 डोज केलांग अस्पताल पहुंचाई गई हैं। इसे अब अस्पताल के कोल्ड चेन में रखा गया है।
स्पीति की 100 वैक्सीन की डोज को वाया हिंदुस्तान-तिब्बत मार्ग के जरिये काजा पहुंचा गया है। इसे काजा अस्पताल में रखा गया है। हालांकि पहले 16 जनवरी को वैक्सीनेशन का शुभारंभ केलांग और काजा से एक साथ होना था। लेकिन राज्य सरकार के निर्देश के बाद अब 16 जनवरी को इसकी शुरुआत केवल केलांग अस्पताल से की जाएगी। इस मौके पर डीसी लाहौल-स्पीति पंकज राय खुद मौजूद रहेंगे। जिला कोविड निगरानी अधिकारी डॉक्टर रणजीत वैद्य ने बताया कि जिले में प्रथम चरण के तहत 515 स्वास्थ्य कर्मियों के साथ आंगनबाड़ी और आशा वर्करों को वेक्सीन की पहली डोज दी जाएगी। बताया कि 16 जनवरी को केलांग अस्पताल में 100 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन का टीका लगाया जाएगा। 18 जनवरी को काजा और उदयपुर अस्पताल में 100-100 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन की डोज दी जाएगी। थिरोट अस्पताल में 19 जनवरी को वैक्सीनेशन का कार्यक्रम होगा। डॉक्टर वैद्य ने बताया कि फिलहाल लाहौल के लिए 200 और स्पीति के लिए 100 वैक्सीन की डोज भेजी गई है।