कुल्लू। प्रदेश मत्स्य विभाग 20 सितंबर से 20 अक्तूबर तक राज्यव्यापी जल निकाय स्वच्छता एवं संरक्षण अभियान चला रहा है। इसी के तहत जिला कुल्लू के गड़सा में जागरूकता एवं जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य जल निकायों की स्वच्छता, संरक्षण और जल स्रोतों में प्रदूषण की रोकथाम को लेकर लोगों को जागरूक करना है। कार्यक्रम के दौरान मेरा जल निकाय, मेरी जिम्मेदारी और स्वच्छ जल निकाय-जलीय जीवन बचाएं का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ मत्स्य अधिकारी कुल्लू राजिंद्र पाल ठाकुर ने विभागीय कर्मचारियों के सहयोग से किया। इसमें पंचायत प्रतिनिधियों, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गड़सा की प्रधानाचार्य अनीता शर्मा, एनएसएस स्वयं सेवकों और स्थानीय लोगों ने सक्रिय भागीदारी की। प्रतिभागियों ने गड़सा जलधारा के किनारे सफाई अभियान चलाया। इस दौरान किनारे पर जमा कचरे, मलबे और अन्य अनावश्यक सामग्री को हटाया गया। अभियान में करीब 45 किलोग्राम कचरा एकत्र किया गया।