कुल्लू। जिला कुल्लू के अंतर्गत ग्राम पंचायत पुईद, कराड़सू तथा फलान के कुछ वार्डों को कंटेनमेंट व बफर जोन से बाहर कर दिया है। जिला प्रशासन ने कोरोना केस आने से इन वार्डों को सील कर दिया था। अब इन क्षेत्रों को एक्टिव केस फाइडिंग कैंपेन के बावजूद कोरोना का कोई अन्य मामला सामने नहीं आया है। उपायुक्त डॉ. ऋचा वर्मा ने शुक्रवार से इन क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन से मुक्त करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
अब लोग सामान्य क्षेत्रों की भांति इन क्षेत्रों में आवाजाही तथा अन्य गतिविधियों का संचालन कर सकेंगे। कंटनेमेंट व बफर जोन से मुक्त हुए क्षेत्रों में ग्राम पंचायत पुईद के वार्ड नंबर चार में पूर्व में बिजली महादेव सड़क से नीचे की ओर पूर्व में आशुतोष पुत्र हेम राज के घर तक तथा उत्तर में घमन सिंह पुत्र वेद राम के घर तक और दक्षिण में राहुल पुत्र तिलक के घर तक के क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन, जबकि इसी वार्ड के शेष बचे क्षेत्र को बफर जोन से बाहर करने के आदेश जारी किए गए हैं। ग्राम पंचायत कराड़सू के वार्ड नंबर दो के अंतर्गत दक्षिण में सार्वजनिक मार्ग के सार्वजनिक शौचालय से लेकर बांए ओर कुल्लू-मनाली सड़क तक तथा पश्चिम में सार्वजनिक मार्ग से लेकर ग्राम पंचायत कराड़सू के वार्ड नंबर दो की सीमा के कुल्लू-मनाली सड़क के बाएं ओर तक तथा पूर्व में सार्वजनिक शौचालय से लेकर कराड़सू वार्ड की सीमा के साथ लगते रास्ते तक तथा उत्तर में वार्ड नंबर दो की सीमा तक के क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन, जबकि इसी वार्ड के शेष बचे क्षेत्र को बफर जोन से मुक्त किया गया है। ग्राम पंचायत फलाण के उत्तर क्षेत्र में ग्राम पंचायत फलान के साथ लगते रास्ते तक, दक्षिण क्षेत्र में कच्चे रास्ते तक, पूर्व क्षेत्र में स्कूल के साथ कच्चे तथा मुख्य पक्के रास्ते के बीच घिरे क्षेत्र तथा पश्चिम क्षेत्र में ग्राम पंचायत फलान के साथ लगते रास्ते तथा इसके बीच के रास्ते के घिरे हुए क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन, वार्ड नंबर तीन के शेष क्षेत्र को बफर जोन से मुक्त कर दिया गया है।