पतलीकूहल में कांग्रेस के कार्यकर्ता पीएम का पुतला जलाते हुए।-संवाद
पतलीकूहल (कुल्लू)। मनाली ब्लॉक कांग्रेस ने शनिवार को पतलीकूहल में केंद्र सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। स्थानीय विधायक भुवनेश्वर गौड़ की अध्यक्षता में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार जनविरोधी नीतियां अपना रही है तथा छात्रों और विपक्षी नेताओं के खिलाफ दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार आम जनता की समस्याओं की अनदेखी कर रही है और उसकी नीतियों से सामाजिक असमानता बढ़ रही है।
विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तत्काल इस्तीफे की मांग की। उन्होंने परीक्षाओं में कथित धांधली और अनियमितताओं के मुद्दे पर संसद में तत्काल चर्चा कराने की मांग उठाई। साथ ही शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों और अन्य प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की भी मांग की।
प्रदर्शन में मनाली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बीर सिंह ठाकुर, हीरालाल भारद्वाज, रोहित महाजन, हंसराज, टेकचंद नेगी, मनीष ठाकुर, दुर्गा चंद, पुनेराम, भागचंद सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। संवाद