कुल्लू। भाजपा कुल्लू के जिलाध्यक्ष अमित सूद ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार हार के डर से पंचायती राज चुनावों से भाग रही है। वीरवार को जारी एक बयान में सूद ने आरोप लगाया कि चुनावों को टालने के लिए सरकार नए-नए हथकंडे अपना रही है।
उन्होंने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि दिसंबर 2025 में होने वाले इन चुनावों को राजनीतिक स्वार्थ के चलते चार महीने आगे खिसकाने की कोशिश की जा रही है। सूद ने कहा, पंचायतें ग्रामीण विकास की रीढ़ हैं और इन्हें केंद्र से भारी आर्थिक मदद मिलती है। चुनावों में देरी कर सरकार इस केंद्रीय बजट का दुरुपयोग करना चाहती है।
कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में कांग्रेस सरकार ने पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त करने के बजाय कमजोर किया है। आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार भारी बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों में हुए नुकसान की भरपाई और मूलभूत सुविधाएं देने में पूरी तरह विफल रही है। संवाद