आयुर्वेद एवं सहकारिता मंत्री कर्ण सिंह ने कहा है कि सैंज में अगले सत्र से डिग्री कॉलेज खोल दिया जाएगा। शनिवार को सैंज में जनसभा को संबोधित करते हुए कर्ण सिंह ने यह ऐलान किया। मंत्री बनने के बाद पहली बार सैंज पहुंचे कर्ण सिंह ने बताया कि ढाई वर्षों के दौरान इस घाटी के लिए करोड़ों रुपये की योजनाएं मंजूर की गई हैं। इनके अतिरिक्त लाडा के तहत भी विभिन्न पंचायतों में करोड़ों की धनराशि खर्च की जा रही है। उन्होंने कहा कि सैंज में आईटीआई भवन के लिए टेंडर आमंत्रित कर लिए गए हैं और बाईपास की डीपीआर भी तैयार कर ली गई है।
उठाऊ पेयजल रैला के लिए 7.25 करोड़, सिंचाई योजना शैंशर को एक करोड़, बगशाहड़ सिंचाई योजना को 1.5 करोड़, लारजी-धामण सिंचाई योजना को 44 लाख, रोट-भलाण पेयजल योजना को 1.20 करोड़ और पेयजल योजना सुचैहण को 1.41 करोड़ की धनराशि का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि पीएचसी सैंज को जल्द अपग्रेड करने का प्रयास किया जाएगा तथा तलाड़ा पुल का कार्य दशहरे से पहले पूरा कर लिया जाएगा। मंत्री कर्ण सिंह ने कहा कि रैला, शांघड़, मझाण, लपाह और देहुरी के स्कूल अगले सत्र से स्तरोन्नत होंगे।
बंजार विधानसभा क्षेत्र में उपयुक्त स्थानों पर आयुर्वेदिक तथा अन्य स्वास्थ्य केंद्र खोले जाएंगे। घाटी के अति दुर्गम गांवों शाक्टी, मरौड़ आदि में सड़क समेत अन्य सभी मूलभूत सुविधाएं प्राथमिकता के साथ मुहैया करवाई जाएंगी। आयुर्वेद मंत्री ने बताया कि लाडा के तहत ग्राम पंचायत बनाउगी में विभिन्न विकास कार्यों पर 2.87 करोड़, गाड़ापारली में 1.34 करोड़, रैला में 1.20 करोड़, सुचैहण में 2.12 करोड़, लारजी में 96 लाख, कोटला में 36 लाख, दुशाहड़ में 80 लाख, धाउगी में 3.21 करोड़, शैंशर में 81 लाख, देहुरीधार में 70 लाख, कनौन में 1.51 करोड़, शांघड़ में 1.33 करोड़, तलाड़ा में 45 लाख, देवगढ़गोही में 47 लाख और ग्राम पंचायत भलाण-2 में 28 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वहीं, विद्युत परियोजना से प्रभावित 18 परिवारों के एक-एक सदस्य को स्थायी नौकरी दी गई है।
इस मौके पर मंडी संसदीय क्षेत्र युवा कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य विक्रम सिंह, बंजार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जय बिहारी लाल, बीडीसी अध्यक्ष प्रभा पालसरा, उपाध्यक्ष किशन ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस महासचिव मोती राम पालसरा, एसडीएम बंजार अश्वनी कुमार, जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. बसंत राम, पीडब्ल्यूडी तथा आईपीएच के एक्सईएन भी उपस्थित थे।