कुल्लू/खराहल। कुल्लू-मनाली एनएच-तीन पर बंदरोल सब्जी मंडी के पास रविवार को एकाएक भारी संख्या में सब्जी और फलों से लदे वाहनों की आवाजाही से जाम लग गया। इसके चलते एनएच-तीन करीब दो घंटे तक यातायात के लिए बाधित हो गया। ऐसे में लोगों और पर्यटकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लोगों का कहना है कि अधिक भीड़भाड़ वाले इस स्थान पर ट्रैफिक व्यवस्था को और बेहतर करने के लिए पुलिस जवान का होना जरूरी है। यहां पर महज दो ही होमगार्ड जवान तैनात हैं। उनके साथ हर कोई बिना मतलब से उलझ रहा है। हालांकि दो घंटे के बाद ट्रैफिक बहाल होने से लोगों ने राहत की सांस ली। एनएच अवरुद्ध होने से सैलानियों और अन्य यात्रियों को जाम में फंसने से काफी परेशानी झेलनी पड़ी। सब्जी मंडी से बाहरी राज्यों के लिए उत्पाद भेजने के लिए बागवानों, आढ़तियों और व्यापारियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सैकड़ों वाहन फंसने से यातायात व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई। हालांकि यहां तैनात होमगार्ड के जवानों ने जाम को खोलने का भरपूर प्रयास किया। लेकिन लोगों ने उनकी एक भी नहीं सुनी। बंदरोल सब्जी मंडी के किसान यूनियन के प्रधान देवराज नेगी ने कहा कि यातायात बाधित होने से समय पर किसानों व बागवानोें के उत्पाद मंडी तक नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस स्थल पर और पुलिस जवान को तैनात किया जाए।
सब्जी, भेजने में आई परेशानी : मोहन
बंदरोल आढ़ती एसोसिएशन अध्यक्ष मोहन ठाकुर ने बताया कि जाम के कारण बाहरी राज्यों को सब्जी और फलों को भेजने में खासी कठिनाई झेलनी पड़ी। एएसपी राजकुमार चंदेल ने बताया कि बंदरोल सब्जी मंडी मेें लग रहे जाम को देखते हुए यहां होमगार्ड के जवानों को तैनात किया गया है।