उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। लाहौल घाटी की मूरिंग पंचायत के नैनगार गांव के लोगों ने तीन दिन बाद राहत की सांस ली है। गांव से सब्जियों की गाड़ियां मंडियों में जाने लगी हैं। 17 अगस्त को गवाड़ी नाले में आई बाढ़ से नैनगार सड़क बह गई थी। बादल फटने से चोखंग-नैनगार सड़क का करीब 400 मीटर हिस्सा बहा था। सड़क अवरुद्ध होने से वाहनों के पहिए जाम हो गए। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई थी। घटना के बाद लोक निर्माण विभाग ने सड़क को बहाल करने का कार्य शुरू किया।
विधायक अनुराधा राणा ने बताया कि चोखंग-नैनगार सड़क को लोक निर्माण विभाग ने वीरवार को बहाल कर दिया है। उन्होंने बताया कि मयाड़ घाटी में जिस स्थान पर सड़क का कटाव हुआ है, वहां पर लोक निर्माण्ण विभाग की ओर से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को वह स्वयं मयाड़ घाटी और चोखंग-नैनगार गांव का दौरा करेंगी। संवाद