संवाद न्यूज एजेंसी
भुंतर (कुल्लू)। भुंतर के बड़ा भुईंन स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला पिपलाआगे में विद्यार्थियों को एक माह से पानी की सप्लाई नहीं मिल रही है। स्कूल के नलकों में पानी की एक बूंद तक नहीं टपक रही है। ऐसे में विद्यार्थी घरों से पानी लाने के लिए मजबूर हैं। घर से लाया पानी खत्म हो जाने पर उनको लोगों के घरों में जाकर प्यास बुझानी पड़ रही है।
मिड-डे मील का खाना पकाने के लिए लोगों के घरों से पानी ढोया जा रहा है। स्थानीय निवासी खुशहाल सिंह गुलेरिया, शिवांगना कंवर, अच्छर सिंह, यशपाल, मनी राम, प्रकार चंद, विशाल कुमार, हरीश चंद, दलजीत सिंह व ओम प्रकाश ने बताया कि पानी न होने के चलते स्कूल परिसर में सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह से चरमरा गई है। स्कूल के शौचालयों की हालत खराब है। इससे विद्यार्थियों के बीमार होने की आशंका भी बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने कहा कि इस मामले की शिकायत जल शक्ति विभाग के कर्मचारी से भी कई बार की गई है, लेकिन पानी नहीं मिला। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही पानी की सप्लाई बहाल नहीं की तो इसकी शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर करेंगे। उधर, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अमित कुमार ने कहा कि स्कूल में पानी की सप्लाई बाधित है। इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। अगर ऐसा है तो टीम को भेज कर स्कूल में पानी की सप्लाई दी जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को पानी मिल सके।
पानी का मामला ध्यान में नहीं : उपनिदेशक
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कुल्लू सुरजीत रॉव ने बताया कि स्थानीय स्कूल प्रबंधन की ओर से उनके ध्यान में ऐसा मामला नहीं लाया गया है। उन्होंने कहा वह स्वयं स्कूल का दौरा करेंगे, जबकि जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से इस संदर्भ में बात की जाएगी।