केलांग (लाहौल-स्पीति)। लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव को लेकर की गई व्यवस्थाओं का केलांग में रविवार को मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने जायजा लिया। निर्वाचन प्रक्रिया में जुटे अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि सभी चुनाव को स्वतंत्र व निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाएं। इसके साथ ही व्यय व लेखा से संबंधित घटकों की पूरी गहनता से जांच करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने मुख्य सचिव को निर्वाचन प्रक्रिया के तमाम प्रबंधों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिले के 92 मतदान केंद्रों में 25,232 मतदाता एक जून को लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव में मतदान करेंगे। इसमें 12,586 पुरुष और 12,646 महिला मतदाता हैं।
पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी ने कहा कि पुलिस चेक पोस्ट दारचा और लद्दाख सीमा के साथ शिंकुला दर्रा पर भी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। सीसीटीवी कैमरे से वहां निगरानी की जा रही है। सरचू पोस्ट पर भी मौसम अनुकूल होते ही प्रभावी निगरानी सुनिश्चित बनाई जाएगी। काजा से अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इस दौरान सहायक रिटर्निंग अधिकारी केलांग रजनीश शर्मा, एसडीएम उदयपुर केशव राम, निर्वाचन तहसीलदार पवन राना, सहायक आयुक्त संकल्प गौतम, सहायक व्यय पर्यवेक्षक सोनम दावा आदि मौजूद रहे।