समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे सैलानी, स्थानीय लोग भी घंटों तक फंस रहे जाम में
दस मिनट के सफर के लिए लग रहा एक घंटा, समय पर नहीं पहुंच रही होटलों की खाद्य सामग्री
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। पर्यटन नगरी में अव्यवस्था की वजह से ट्रैफिक जाम लगना पर्यटन कारोबार को प्रभावित कर सकता है। आलम यह है कि पर्यटक समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। स्थानीय लोग भी घंटों तक जाम में फंस रहे हैं। खाद्य सामग्री भी समय पर होटलों तक नहीं पहुंच पा रही है। दस मिनट के सफर के लिए एक घंटे से अधिक का समय लग रहा है।
ट्रैफिक जाम के लिहाज से हिडिंबा मंदिर मार्ग, लॉगहट्स मार्ग और वशिष्ट मार्ग अति संवेदनशील बन गए हैं। हिडिंबा मंदिर में मंदिर से परिधि गृह तक जगह-जगह जाम की स्थिति बन रही है। मंदिर से डीपीएस स्कूल तक वाहनों को सड़क किनारे खड़ा किया जा रहा है। इससे यहां अकसर जाम की स्थिति बन जाती है। स्कूल बसें भी जाम में फंस जाती हैं। सोमवार को सड़क के किनारे वाहन खड़े करने की वजह से लगभग दो घंटे तक जाम लग गया। होटलों का सामान लेकर जा रहीं गाड़ियां, स्थानीय लोग और पर्यटक जाम में फंस गए। गौरतलब है कि पर्यटन सीजन में हर साल अतिरिक्त पुलिस जवान तैनात किए जाते है, लेकिन इस साल सरकार ने अतिरिक्त पुलिस नहीं भेजी। डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि जगह-जगह पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं, जो अवैध पार्किंग करने वालों के चालान कर रहे हैं।
लॉग हट्स मार्ग पर अकसर जाम की समस्या रहती है। कई बार यातायात पुलिस, प्रशासन को अवगत भी करवाया गया है। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती। जाम की वजह से कारोबार प्रभावित होने का भय रहता है। कमरा बुक करके आने वाले पर्यटक समय पर होटल नहीं पहुंच पाते। -दौलत राम, होटल कारोबारी
हिडिंबा मंदिर मार्ग में जाम से निपटने के तमाम प्रबंध नाकाफी हैं। सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने से अक्सर जाम लग रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन को लिखित में मंदिर से डीपीएस स्कूल तक सड़क को नो पार्किंग जोन बनाने की मांग की है। इस पर कोई अमल नहीं हो रहा। - सुरेश कश्यप, वार्ड सदस्य ढूंगरी