कुल्लू। किसानों को एक माह बाद फूलगोभी के अच्छे दाम मिले हैं। सब्जी मंडियों में रविवार को फूलगोभी 25 रुपये प्रति किलो ग्राम तक बिकी। इसके चलते किसानों ने थोड़ी राहत महसूस की है। जिले की सब्जी मंडियों में 11 मई से फूलगोभी पांच से दस रुपये किलो बिकने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
कर्फ्यू में ढील बढ़ने से फूलगोभी के दामों में उछाल देखने को मिला है। होटल और रेस्टोरेंट खुलने से फूलगोभी की मांग बढ़ने लगी है, जो किसानों के लिए अच्छी खबर है। अब स्थानीय सब्जी मंडियों में बाहरी व्यापारी भी पहुंचने लगे हैं। फूलगोभी के दामों में गिरावट के कारण जिले के 70 फीसदी किसानों को नुकसान हुआ है। लेकिन जून के दूसरे सप्ताह में दाम बढ़ने से किसानों को कुछ राहत जरूर मिलेगी। फूलगोभी सीजन के आगामी दिनों में दाम 25 से 30 रुपये तक रहने से किसानों की आर्थिक स्थिति में कुछ हद तक सुधार हो सकता है। किसान बुधराम, मोहन लाल, प्रीतम, जीवन सिंह, रमेश कुमार ने कहा कि जिले में करीब 1500 हेक्टेयर में फूल गोभी लगाई गई है। सब्जी मंडियों में फूलगोभी की आवक अधिक है। व्यापारी कम होने के कारण दाम अच्छे नहीं मिल पाए। कुल्लू और स्नोअर वैली आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष खुशाल ठाकुर ने कहा कि उच्च गुणवत्ता वाली फूलगोभी 20 से 25 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिकी है। करीब एक माह बाद फूलगोभी के दामों में उछाल आया है।