व्यय पर्यवेक्षक ने उड़नदस्तों के अधिकारियों को दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। कंट्रोल रूम में मिलने वाली सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जाए। व्यय निगरानी टीम संवेदनशीलता से सक्रिय रहे। यह बात मंडी लोकसभा क्षेत्र के चुनावी व्यय पर्यवेक्षक राकेश झा ने चुनावी व्यय निगरानी से जुड़े उड़नदस्तों के नोडल अधिकारियों के साथ बैठक में कही। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थान पर नकदी, शराब अथवा भोजन सहित किसी भी प्रकार की उपहार की वस्तु का वितरण नहीं हो, इसके लिए सख्ती से निगरानी रखनी होगी।
समुचित नाके लगाकर प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित बनाएं। गाड़ियों की सघन रूप से जांच की जाए, एक भी वाहन बिना जांच के न रहे। जिला लाहौल स्पीति में पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। इस क्षेत्र में उनकी सुविधाओं का भी विशेष रूप से ख्याल रखा जाए। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने व्यय पर्यवेक्षक को आवश्यक प्रबंधों की जानकारी दी।
कहा कि लाहौल-स्पीति में समुचित निगरानी व्यवस्था बनाई गई है। काजा से भी सहायक रिटर्निंग अधिकारी भी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े रहे। इस दौरान सहायक रिटर्निंग अधिकारी केलांग रजनीश शर्मा, सहायक आयुक्त संकल्प गौतम, तहसीलदार निर्वाचन पवन राणा आदि मौजूद रहे। संवाद