कुल्लू। जिला में बाहरी राज्यों के प्रवासियों के चोरी छिपे पहुंचने का सिलसिला जारी है। पुलिस ने बिहार के दो व्यक्तियों को बैरियर पर गुमराह कर जानकारी छिपाने पर मामला दर्ज किया है। दोनों को पुलिस ने 14 दिन के लिए क्वारंटीन कर दिया है।
आरोपी बिहार से बस से कुल्लू पहुंचे थे। बजौरा में पुलिस ने जब इनके आने की वजह और जगह पूछी तो इन्होंने पुलिस को गुमराह किया। बिहार के भवानीपुरा, जिला मधेपुरा के नागेश्वर (55) पुत्र देवदत्त, और चंद्रशेखर मुखिया (55) पुत्र राही मुखिया, जो दियार में रहते हैं, उन्होंने पुलिस को सही जानकारी नहीं दी। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने की। कहा कि पुलिस को झूठ बोलकर कुल्लू में प्रवेश करने वाले बिहार के दो लोगों पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 188 और एनडीएमए के सेक्शन 51 के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को एहतियात के तौर पर क्वारंटीन किया गया है। आरोपियों के कोरोना सैंपल लिए जाएंगे। पुलिस बाहर से आने वालों पर कड़ी नजर रखे हुए हैं। अगर कोई नियमों का उल्लंघन कर जिला में प्रवेश करता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।