कुल्लू। पश्चिम बंगाल निवासी सिमोन टोपो के लिए कार सेवा संस्था सहारा बनी है। घायल को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू से एम्स बिलासपुर तक संस्था ने अपनी एंबुलेंस निशुल्क मुहैया करवाई है। प्रदेश समेत जिले में 102 और 108 एंबुलेंस के कर्मचारी मांगों के लिए हड़ताल पर हैं। ऐसे में मरीजों को एंबुलेंस सेवा के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
पश्चिम बंगाल निवासी सिमोन टोपो का संस्था ने उपचार करवाया है। संस्था के अध्यक्ष मनदीप सिंह ने कहा कि सिमोन टोपो अपने दोस्तों के साथ रोजगार की तलाश में कुल्लू आ रहा था। दिल्ली पहुंचकर रेल से उतरते समय संतुलन बिगड़ने के कारण वह नीचे गिर गया। इससे उसके सिर पर चोट लग गई। कुल्लू पहुंचने के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। स्थिति गंभीर होने पर उसके दोस्तों ने उसे क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया। मरीज की दिमागी स्थिति ठीक न होने के कारण चिकित्सकों ने एम्स बिलासपुर के लिए रेफर कर दिया। संवाद