सड़क अवरुद्ध होने के कारण क्षेत्र की नौ पंचायतों के हजारों ग्रामीण हो रहे परेशान
स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी पैदल कर रहे सफर, पीठ पर उठाकर लाने पड़ रहे मरीज
ग्रामीण बोले- बसें और ट्रक न चलने से निर्माण कार्यों पर भी लग गई है ब्रेक
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यूली/सैंज (कुल्लू)। घाटी की नौ पंचायतों के हजारों ग्रामीणों को सड़क सुविधा न मिलने से परेशान होना पड़ रहा है। सैंज-न्यूली-शैंशर सड़क पर तीन महीने से बस सेवा ठप है।
बसें न चलने से ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी मरीजों और स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों को हो रही है। ग्रामीणों को रोजाना आवश्यक कामकाज निपटाने के लिए कई किलोमीटर का पैदल सफर करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के निर्माण कार्य भी लटक गए हैं। लोक निर्माण विभाग की लेटलतीफी नौ पंचायतों के ग्रामीणों पर भारी पड़ रही है।
सैंज-न्यूली-शैंशर सड़क पर बड़े वाहनों बसों और ट्रकों की आवाजाही न होने से पंचायत बनोगी, सुचैहण, शांघड़, गाड़ापारली, शैंशर, दुशाहड़, देहुरीधार, रैला-एक और रैला-दो के ग्रामीणों को रोजाना समस्याओं से दो-चार होना पड़ता है। ग्रामीण निमत राम, अशोक कुमार, आलम चंद, राकेश कुमार और आलम ने कहा कि बीते जून से सड़क बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए बंद है। बसें और ट्रक न चलने के कारण लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। बीमार मरीजों को कुर्सी या पीठ पर उठाकर लाना पड़ रहा है। स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों को रोजाना कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है। निर्माण सामग्री घर तक न पहुंचने से कार्य लटक गए हैं। उन्होंने विभाग से सड़क को बड़े वाहनों के लिए बहाल करने की मांग की है।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता चमन ठाकुर ने कहा कि छोटे वाहनों के लिए सैंज-न्यूली-शैंशर सड़क को खोला गया है। बड़े वाहनों की आवाजाही जल्द शुरू करवा दी जाएगी।