कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा को देखते हुए शहर में ट्रैफिक रूटों में बदलाव किया गया है। अब पर्यटन नगरी मनाली, बिजली महादेव, लगघाटी और भेखली क्षेत्र के लिए अंतरराज्यीय बस अड्डा कुल्लू से बसों को संचालित किया जाएगा। इसके अलावा औट, बंजार, सैंज और पाहनाला के लिए बसों का संचालन ढालपुर में बनाए गए अस्थायी शिविर से किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए जिला प्रशासन ने 17 अक्तूबर से आठ नवंबर तक यातायात संबंधी आदेश जारी किए हैं। ढालपुर चौक से कॉलेज गेट तक वाहनों की आवाजाही क्षेत्रीय अस्पताल सड़क से होगी, जबकि कला केंद्र सड़क बंद रहेगी। फोरलेन से सरवरी जाने वाले वाहन बेली ब्रिज या भूतनाथ पुल का उपयोग करेंगे।
जिला मुख्यालय से वाहनों का दबाव कम करने के उद्देश्य से ट्रैफिक प्लान में यह बदलाव रहेगा। लोगों को दशहरा में बेहतर यातायात सुविधाएं मिलें, इसके लिए ढालपुर के पशु मैदान में अस्थायी बस अड्डा बनाया गया है। उपमंडलीय प्रबंधक डीके नारंग ने कहा कि ढालपुर से भुंतर और बंजार की ओर सरकारी और निजी बसों को संचालित किया जाएगा। मनाली और बिजली महादेव के लिए बसें बस अड्डा से चलेंगी।
.....
आठ नवंबर तक निर्धारित प्रमुख सड़कों पर नो-पार्किंग और टो-अवे प्रतिबंध लागू रहेगा। प्रशासन ने शहर में 18 पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। इनमें करीब 2,000 वाहनों को खड़ा करने की सुविधा होगी। इनमें वन विभाग मैदान, पशु मैदान, विपाशा मार्केट, सब्जी मंडी, डीएवी स्कूल मैदान मौहल और शांगरी बाग सहित अन्य स्थान शामिल हैं।
000