एचआरटीसी 19 जून को करेगा ट्रायल, लोगों ने ली राहत की सांस
19 अक्तूबर को रूट पर बंद की दी गई थी बस सेवा
दिनेश जस्पा
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। हिमाचल पथ परिवहन निगम का केलांग डिपो समुद्रतल से 14,931 फीट ऊंचे कुंजुम दर्रा के रास्ते 19 जून को कुल्लू-काजा के बीच बस का ट्रायल करेगा। पिछले साल कुल्लू-काजा के बीच चार जुलाई को बस सेवा शुरू हुई थी।
19 अक्तूबर को इस रूट की बस सेवा बंद कर दी गई थी। काजा से कुंजुम दर्रा होकर अटल टनल रोहतांग के रास्ते कुल्लू के लिए बस ट्रायल होगा। यह खबर सुनते ही स्पीति घाटी के लोग राहत महसूस करने लगे हैं।
कुंजुम दर्रा के रास्ते कुल्लू-काजा सड़क पर 242 दिन बाद बस दौड़ती नजर आएगी। निगम प्रबंधन 19 जून को इस रूट पर ट्रायल के बाद बस संचालन का फैसला लेगा। इस रूट पर बस सेवा शुरू हो जाने से वहां के लोगों को टैक्सियों के महंगे सफर से छुटकारा मिलेगा। सवारी कुल्लू-काजा के बीच प्रति सीट बस में एकतरफा 570 रुपये में सफर कर सकेंगे, जबकि टैक्सियों में यह सफर काफी महंगा पड़ जाता है। पिछले साल कुल्लू-काजा के बीच यह बस सेवा 19 अक्तूबर को बंद हो गई थी। वहीं, अब 242 दिन बाद स्थानीय विधायक अनुराधा राणा के निर्देश पर निगम प्रबंधन ट्रायल करेगा। उधर, एचआरटीसी केलांग डिपो के सब इंस्पेक्टर प्रकाश चंद ने बताया कि 19 को कुल्लू-काजा रूट पर ट्रायल के लिए बस केलांग से भेजी जाएगी। संवाद