कुल्लू-मनाली हाईवे बाढ़ से क्षतिग्रस्त होने से यातायात के लिए बंद होने से लगी मोटर साइकिल की क
मनाली, बंजार, लगघाटी के लिए नहीं दौड़ी बसें
भूस्खलन और बाढ़ से सड़कें बंद, सवारियां रहीं परेशान
संवाद न्यूज एजेेंसी
कुल्लू। जिले में इस बरसात में बारिश आफत बन बरस रही है। भारी बारिश, बादल फटने और भूस्खलन से जिले के मनाली, बंजार, मणिकर्ण और लगघाटी की मुख्य सड़कों के साथ संपर्क सड़कें बंद चल रही हैं।
इस वजह से बुधवार को भी हिमाचल पथ परिवहन निगम और निजी बसों के लगभग 160 से अधिक रूट प्रभावित रहे। कुल्लू से मनाली के बीच बस सेवा पूरी तरह ठप है। कुल्लू से मनाली के लिए हाईवे अवरूद्ध है। इसके अलावा कुल्लू-मनाली वाया नग्गर सड़क पर भी बस सेवा प्रभावित रही है।
जिला के अन्य क्षेत्रों में भूस्खलन के कारण बसों के पहिये थमे हैं। सड़कें बंद होने और बसें न चलने से सवारियों को कई मील का सफर पैदल तय करना पड़ रहा है। जिले के बंजार, मनाली, नग्गर, मणिकर्ण और लगघाटी में वीरवार को बस सेवा पूरी तरह से बंद रही। हालांकि, बिजली महादेव समेत कुछ ग्रामीण रूटों पर बस सेवा को जारी रखा गया। अन्य क्षेत्रों में सवारियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा कुल्लू से मंडी के बीच भी बस सेवा प्रभावित है। ऐसे में इस रूट पर सवारियों को टैक्सियाें का सहारा लेकर सफर करना पड़ रहा है जो जेब पर भारी पड़ रहा है। उधर, पथ परिवहन निगम के डीडीएम डीके नारंग ने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए जहां तक सड़कें दुरुस्त हैं, वहां तक बसों को चलाने का पूरा प्रयास है।