कुल्लू। संसारी-किलाड़-तिंदी-थिरोट बीआरओ मार्ग पर सड़क को चौड़ा करने के कार्य के चलते सप्ताह में दो दिन एचआरटीसी की बस सेवाएं प्रभावित रहेंगी। बीआरओ की ओर से मंगलवार और शुक्रवार को मार्ग बंद रखे जाने के कारण एचआरटीसी ने संबंधित रूटों पर बसों की आवाजाही को आगामी आदेशों तक स्थगित कर दिया है। बीआरओ की ओर से हर सप्ताह निर्धारित शेड्यूल के अनुसार तिंदी और कडूनाला के बीच ब्लास्टिंग का कार्य किया जाता है। इसके चलते इन दोनों दिनों वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रखी जाती है। अब इसका असर एचआरटीसी की बस सेवाओं पर भी पड़ रहा है। इससे लाहौल और पांगी घाटी के यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ेगा। खासकर कुल्लू, केलांग, किलाड़ और शिमला की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना में बदलाव करना होगा।
एचआरटीसी सब डिपाे किलाड़ के प्रभारी गुड्डू राम ने कहा कि बीआरओ की ओर से सड़क निर्माण के चलते सप्ताह में दो दिन ब्लास्टिंग की जाती है। इस कारण संबंधित रूटों को बंद रखा गया है। मौजूदा समय में केवल एक ही रूट पर बस सेवा संचालित हो रही है। शिमला-कुल्लू-सुराल रूट की बस सेवा भी प्रभावित हुई है।