गुशैणी (कुल्लू)। तीर्थन घाटी की नगलाड़ी-शरची सड़क में तीन महीने से लोक निर्माण विभाग डंगा लगाने का काम पूरा नहीं कर पाया है। 17 किलोमीटर लंबी सड़क में नगलाड़ी से चार किलोमीटर आगे बंदल में डंगा गिरा हुआ है। इस कारण शरची के लिए बस सेवा भी बंद है। लोगों को पैदल ही घरों तक पहुुंचना पड़ रहा है।
छोटी गाड़ियां भी नहीं जा पा रही हैं। लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत शरची के उपप्रधान सुरेंद्र सिंह, कमाल सिंह, बीर सिंह, चेत राम, दौलत राम, चुनी लाल ने कहा कि आने वाले दिनों में सेब सीजन शुरू होने वाला है। सड़क की दशा ठीक न होने के कारण किसानों और बागवानों को अपने उत्पाद मंडियों तक पहुंचाने में दिक्कतें हो सकती हैं।
इसलिए विभाग सड़क को दुरुस्त कर राहत प्रदान करे। साथ ही गड्ढों को भी दुरुस्त किया जाए। अगर विभाग की ओर से जल्द सड़क ठीक नहीं की गई तो लोग सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने से पीछे नहीं हटेंगे। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता कीर्तिमान ठाकुर ने कहा कि ठेकेदार को पेचवर्क करने के लिए पत्र लिखा गया है। जल्द ही काम शुरू कर दिया जाएगा। सड़क पर गिरे डंगे को लगाने का काम तेजी से किया जा रहा है। संवाद