मनाली के सोलंग नाला में ताजा बर्फबारी के बीच पैराग्लाइडिंग का लुत्फ उठाते पर्यटक।-संवाद
लाहौल घाटी में सुबह से ही रुक-रुक होती रही बर्फबारी
लाहौल की सड़कों पर छोटे वाहनों की आवाजाही जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय क्षेत्र लाहौल घाटी में वीरवार को बर्फबारी से केलांग-मनाली-कुल्लू के साथ घाटी की अंदरुनी मुख्य सड़क पर बस सेवा फिर बाधित हो गई है। घाटी में सुबह से ही रुक-रुककर बर्फबारी होती रही। बसों के पहिये जाम होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
हालांकि, घाटी की अंदरुनी सड़कों पर छोटे वाहनों की आवाजाही जारी है। इस बार घाटी में कम बर्फबारी और सड़कें बस संचालन के लिए उपयुक्त रहने पर निगम प्रबंधन ने कुछ दिन को छोड़कर पूरी सर्दी बस सेवाएं जारी रखी हैं। लोगों को अपने गंतव्यों की ओर आवाजाही में बस सुविधा का लाभ भी मिला है। बस संचालन से सरकार को राजस्व मिल रहा है। गौर रहे कि केलांग-मनाली-कुल्लू के बीच एचआरटीसी की बस चलने से लोगों को टैक्सियों का सहारा नहीं लेना पड़ता है। लाहौल में लोग जमकर बर्फबारी का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, इस सर्दी में अभी तक उम्मीद के मुताबिक कम बर्फबारी हुई है। कम बर्फबारी लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। बहरहाल, केलांग-मनाली-कुल्लू के बीच अब कब तक बस सेवा बहाल होगी, यह कहा नहीं जा सकता। इसके लिए लोगों को अभी तक इंतजार करना होगा।
उधर, एचआरटीसी के केलांग डिपो के निरीक्षक प्रकाश चंद ने कहा कि बर्फबारी के चलते लाहौल सहित मनाली के लिए बस सेवा ठप पड़ गई है। अब बस संचालन मौसम और सड़क की स्थिति पर निर्भर करेगा।