बंजार के सजवाड़ के समीप खराब हुई एचआरटीसी की बस।-संवाद
कुल्लू। उपमंडल बंजार में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस बीच रास्ते में खराब हो गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यह बस सोमवार शाम बंजार से सजवाड़ की ओर जा रही थी। जैसे ही बस हाईवे-305 पर भेयोट मोड़ के समीप पहुंची, अचानक खराब होकर बीच सड़क में ही रुक गई।
चालक और परिचालक ने बस को ठीक करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद मामले की सूचना बंजार बस अड्डा प्रभारी को दी गई। बस में करीब 20 यात्री सवार थे, जो करीब एक घंटे तक दूसरी बस का इंतजार करते रहे। आरोप है कि निगम की ओर से कोई वैकल्पिक बस नहीं भेजी गई, जिसके चलते यात्रियों को टैक्सी किराये पर लेकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा।
जानकारी के अनुसार यह बस शाम 5:20 बजे बंजार बस अड्डे से रवाना हुई थी। मार्ग में ट्रैफिक जाम के कारण बस करीब 6 बजे भेयोट मोड़ के पास पहुंची, जहां यह अचानक खराब हो गई।
स्थानीय लोगों निहाल सिंह, धनी राम और राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि निगम की बसें आए दिन बीच रास्ते में खराब हो रही हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि सोमवार को भी बस खराब होने के बाद यात्रियों की सुविधा के लिए दूसरी बस नहीं भेजी गई, जिसके कारण उन्हें मजबूरन टैक्सी का सहारा लेना पड़ा।
एचआरटीसी बंजार के अड्डा प्रभारी दीप चंद ने बताया कि बस को ठीक करने के लिए मेकेनिकों की टीम भेजी गई थी, लेकिन मार्ग में ट्रैफिक जाम के कारण टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी। उन्होंने कहा कि टीम के पहुंचने से पहले ही अधिकांश यात्री अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुके थे। संवाद