कुल्लू। पार्वती घाटी में सड़क और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने वालों पर बुलडोजर चलाने की तैयारी है। इसके लिए आठ से नौ विभागों की एक टीम का गठन किया गया है।
टीम दो दिन से मौके पर जाकर जांच करने में जुट गई है। कसोल इलाके में चल रहे होटल, होमस्टे और कैंपिंग साइटों का भी निरीक्षण किया जा रहा है। इनमें पर्यटन विभाग की ओर से जारी नियमों को भी परखा जा रहा है। होटलों, होमस्टे और कैंपिंग साइटों का पंजीकरण के साथ प्रदूषण को रोकने के नियमों और सफाई को भी जांचा जा रहा है।
राजस्व और लोक निर्माण विभाग सरकारी जमीन पर बने होटलों, व्यवसायिक गतिविधियों की भी जांच कर रहा है। कसोल में दुकान से बाहर सामान बेचने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई की जा रही है। सरकारी भूमि पर अतिक्रमण और दुकानों के बाहर सामान बेचने वाले लोगों को कमेटी ने दो दिन का समय दिया है। दो दिन में अतिक्रमण को छोड़ना होगा, अन्यथा प्रशासन बुलडोजर चलाएगा।
एसडीएम की अध्यक्षता में बनाई है कमेटी
एसडीएम कुल्लू विकास शुक्ला की अगुवाई में संयुक्त कमेटी बनाई गई है। इसमें टीसीपी, लोक निर्माण, जलशक्ति, राजस्व, पर्यटन और वन विभाग समेत आठ से नौ विभागों को लिया गया है। टीम में शामिल सभी विभाग अपनी रिपोर्ट एसडीएम सदर को सौंपेंगे। अवैध कब्जों को साथ-साथ हटाने के निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि कसोल में कई रेहड़ी-फड़ियां भी अवैध तरीके से चल रही हैं।
कसोल में अतिक्रमण के खिलाफ संयुक्त कमेटी की जांच चल रही है। इसमें विभिन्न विभाग शामिल हैं। होटल, होमस्टे और कैंपिंग साइटों की जांच हो रही है। उनके सभी तरह के कागज चेक हो रहे हैं। दुकान के बाहर सामान रखकर बेचने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। इन लोगों को दो दिन का समय दिया है। अगर खुद नहीं हटाते तो लोक निर्माण विभाग का बुलडोजर चलाया जाएगा। - विकास शुक्ला एसडीएम कुल्लू