रोहतांग (लाहौल-स्पीति)। लाहौल की तोद घाटी के खंगसर गांव में स्नो फेस्टिवल में पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का किया जा रहा है। खंगसर में सोमवार को स्नो उत्सव में तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें तोदघाटी की 18 टीमों ने भाग लिया।
पारंपरिक तीरंदाजी प्रतियोगिता में पहली बार गेमुर गोंपा के बौद्ध भिक्षुओं ने हाथ अजमाया। बौद्ध भिक्षुओं ने 26 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। 31 अंक लेकर केलद की टीम दूसरे और 33 अंक प्राप्त कर गेमुर की टीम प्रथम रही है। गेमुर टीम ने खंड स्तर की प्रतियोगिता में जगह बनाई। तीरंदाजी के एकल वर्ग में तंजिन केलद प्रथम रहे और अगले दौर में प्रवेश किया। दूसरे स्थान पर गेमुर के तंजिन और तीसरे स्थान पर थुकतन नमडोल रहे। इसके अलावा स्नो फेस्टिवल में घाटी के पारंपरिक खेल छोलो भी खेला गया। पंचायत स्तर हुए इस खेल में तांदी पंचायत से एकल वर्ग में राजीव ने प्रथम स्थान हासिल कर खंड स्तर की स्पर्धा में प्रवेश पाया। डबल वर्ग में राजीव और विनोद प्रथम रहे। एकल में राजेंद्र और डबल में शंकर व सुंदर को भी खंड स्तर पर प्रवेश मिला। एकल और डबल वर्ग में गोंधला पंचायत से भूषण, रमेश तथा सोनम छेरिंग, कोकसर पंचायत से देवराज, सुरिंद्र तथा राजेश, उदयपुर पंचायत से सोबन सिंह, राजेंद्र तथा बीर सिंह, जाहलमा पंचायत से प्रवीण, विकास तथा किशन मूरिंग पंचायत में पवन, अनिल तथा रोशन, जोबरंग पंचायत के राजीव ठाकुर, प्रीतम सिंह और देवी सिंह तथा तिंगरेट पंचायत के गोपाल सिंह, दलीप सिंह और कर्म सिंह विजेता रहे।