कुल्लू के भाईदूज के उत्सव के दौरान भाईयों के साथ नन्ही बहन।-संवाद
भैया दूज पर भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर बहनों ने की लंबी उम्र की कामना
कुल्लू में देवी-देवताओं की पूजा के साथ शुरू हो गया था भैया दूज मनाने का क्रम
बहनों ने एचआरटीसी बसों में मुफ्त यात्रा का भी उठाया लाभ, बाजारों में भी रही भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला कुल्लू की सुबह तिलक की लालिमा और बहनों की मुस्कान से खिल उठी। भैया दूज के इस पावन दिन पर बहनों ने भाइयों के माथे पर स्नेह का तिलक लगाया और लंबी उम्र की दुआ मांगी।
पर्व की रौनक से सजे बाजार और एचआरटीसी की बसों में उमड़ी महिलाओं की भीड़ ने दिन को उल्लासमय बना दिया। भैया दूज के अवसर पर बहनों ने एचआरटीसी की बसों में मुफ्त यात्रा का भी लाभ लिया। महिलाओं में भैया दूज को लेकर उत्साह देखने को मिला। बाजारों में भी खूब रौनक रही।
महिलाओं ने एक दिन पहले ही भैया दूज की तैयारी कर रखी थी। वीरवार सुबह 8:00 बजे देवी-देवताओं पूजा-अर्चना के बाद भैया दूज मनाने का क्रम शुरू हुआ। बहनें अपने भाई के घर बसों और निजी वाहनों में पहुंचीं। भैया दूज के दिन सिर्फ महिलाओं को ही अवकाश था। ऐसे में नौकरीपेशा और अन्य कामकाज से बाहर जाने वाले भाइयों को तिलक लगाने के लिए बहनों को इंतजार करना पड़ा। सुहागिन महिलाएं भी घर का कामकाज निपटाकर मायके के लिए निकलीं। भाई को तिलक लगाकर बहनों ने स्नेह और प्यार का पर्व मनाया। बहनों ने बाजार से खरीदे तरह-तरह के उपहार भी भाइयों को दिए। भैया दूज मनाने वाली महिला रेखा देवी और सुमन ने कहा कि बहनों के लिए रक्षाबंधन के बाद यह दिन बेहद खास होता है। भैया दूज के पर्व का उन्हें इंतजार रहता है। भाइयों को तिलक लगाकर उनकी लंबी आयु की कामना भगवान से की गई। सोशल मीडिया पर भी एक-दूसरे को भैया दूज की बधाई देने वालों का सिलसिला दिनभर जारी रहा।