विधायक की सिफारिश सीएम ने चाॅपर भेजने की भरी हामी
तिंदी से उदयपुर के बीच बहाल नहीं हो पाई है सड़क
संवाद न्यूज एजेंसी
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। लाहौल घाटी के दुर्गम क्षेत्र तिंदी पंचायत की गर्भवती सहित एक अन्य महिला मरीज को शुक्रवार को तिंदी हेलीपैड से एयरलिफ्ट किया जाएगा।
मामला विधायक के ध्यान में आते ही उन्होंने सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू के ध्यान में लाया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मरीज को चॉपर से एयरलिफ्ट करने की हामी भर दी। गर्भवती महिला के साथ कुठाड़ गांव की एक 60 वर्षीय महिला हैं। इनके कान से खून निकल रहा है। चिकित्सक ने उन्हें भी रेफर किया है। दोनों को तिंदी से एयरलिफ्ट किया जाएगा। यातायात के लिए सड़कें बाधित रहने से तिंदी की दोनों महिला मरीजों को नागरिक अस्पताल उदयपुर के साथ क्षेत्रीय अस्पताल केलांग नहीं पहुंचाया जा सकता है। तिंदी से उदयपुर के बीच सड़क बर्फबारी के चलते यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाई है।
बताया जा रहा है कि लाहौल की तिंदी पंचायत के बाड़ा गांव की तारा देवी (26) गर्भवती महिला को चिकित्सक ने घाटी से बाहर रेफर किया है। 15 मार्च को प्रसव की तारीख है। विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग के साथ तिंदी पंचायत की प्रधान कमला देवी, प्यारे लाल शर्मा और राहुल ने रैफर मरीजों के बारे में बताया। इसके बाद दोनों मरीजों को एयरलिफ्ट करने के लिए सीएम से सिफारिश की। शुक्रवार को मौसम साफ रहने पर दोनों मरीजों को एयरलिफ्ट किया जाएगा। जनजातीय क्षेत्र में धीरे-धीरे जनजीवन पटरी पर लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। संवाद