खराहल घाटी में बिजली महादेव मंदिर में सजाया शिवलिंग।
- फोटो : Kullu
कुल्लू। जिला भर के मंदिरों में सावन महीने के तीसरे सोमवार को सैकड़ों श्रद्धालुओं ने महादेव के दर्शन किए। श्रद्धालुओं के भोलेनाथ के जयकारों के साथ शिवलिंग पर जल, दूध आदि चढ़ाया। साथ ही उनसे सुख-शांति का आशीर्वाद लिया। कुछ श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की।
प्रसिद्ध शिव मंदिर बिजली महादेव, मनाली में अंजनी महादेव, सियाली महादेव, भूतनाथ मंदिर, शांघड़ में शंगचूल महादेव आदि मंदिरों में श्रद्धालुओं ने महादेव के दर्शन किए। मंदिरों में श्रद्धालुओं के आने से इन दिनों माहौल भक्तिमय बना हुआ है। कोरोना नियमों के तहत श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा जा रहा है। बिजली महादेव मंदिर में दिन भर दर्शन का सिलसिला दिनभर चलता रहा। इस दौरान भोले के जयकारों से घाटी गूंज उठी। बिजली महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर दूध, पुष्प आदि चढ़ाकर पूजा-अर्चना की। कई श्रद्धालुओं ने सुबह सात बजे ही बिजली महादेव मंदिर की चढ़ाई चढ़नी शुरू कर दी थी। करीब एक घंटे के सफर के बाद जैसे ही वे बिजली महादेव पहुंचे तो उनकी सारी थकान मिट गई। बिजली महादेव मंदिर में दर्शन करने पहुंचे रेखा, मीना और दिवेश ने कहा कि वे सावन माह के प्रति अधिक आस्था रखते हैं। सावन महीने में बिजली महादेव मंदिर के दर्शन से विशेष लाभ मिलता है। देवता बिजली महादेव के कारदार अमरनाथ नेगी ने कहा कि मंदिर में हर दिन सैकड़ों श्रद्धालु शीश नवा रहे हैं। यहां पर आने वाले श्रद्धालुओं से सफाई का ध्यान रखने की अपील की गई है।