कुल्लू। लाहौल-स्पीति के कडूनाला में 24 जुलाई को हुए सड़क हादसे के बाद बीआरओ ने संसारी-किलाड़-थिरोट-तांदी सड़क पर ब्लास्टिंग का काम बंद रखा है। बीआरओ की ओर से उदयपुर से कडूनाला तक सड़क चौड़ीकरण का काम किया जा रहा है। हादसे के बाद से बीआरओ ने ब्लास्टिंग का काम आगामी आदेशों तक रोक दिया है। बीआरओ ने आखिरी बार 18 जुलाई को ब्लास्टिंग की थी। इसके बाद कडूनाला के गोरना में ब्लास्टिंग करने की योजना थी, लेकिन हादसे के बाद इसे रोक दिया गया। हालांकि, जिस स्थान पर हादसा हुआ था, वहां ब्लास्टिंग का काम नहीं किया गया था।
हादसे के बाद उपायुक्त चंबा मुकेश रेसपवाल की अगुवाई में टीम घटनास्थल पर पहुंची थी। इसके बाद आवासीय आयुक्त की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित कर हादसे की जांच के आदेश दिए गए। जांच कमेटी ने बीआरओ के साथ बैठक कर सप्ताह में एक दिन ब्लास्टिंग करने के निर्देश दिए थे। फिलहाल प्रशासन के आगामी आदेश तक ब्लास्टिंग का काम बंद है। कडूनाला से भीमबाग तक करीब 30 किलोमीटर सड़क को चौड़ा करने के लिए पहाड़ की कटिंग की जानी है। 94 आरसीसी के मेजर पारस कोचर ने बताया कि उदयपुर से कडूनाला तक आगामी आदेशों तक ब्लास्टिंग का काम बंद रखा गया है। संवाद