मनाली में भाजपा के कार्यकर्ता के मागों को लेकर मॉल रोड़ पर रैली निकालते हुए।-संवाद
मनाली। सड़कों की बदहाली और बिजली दरों में बढ़ोतरी को लेकर सोमवार को भाजपा ने मनाली में जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रामबाग में एकत्रित होने के बाद मालरोड तक रैली निकाली। प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में भारी संख्या में मनाली विधानसभा क्षेत्र के लोग शामिल हुए।
बेटड़ी ठेगी मर्द ठेगे, 1500 मिलना कैबे, (महिला ठगी, पुरुष ठगे, 1500 रुपये मिलना कब) जैसे नारे लगाकर कांग्रेस की चुनाव से पहले दी गई दस गारंटियों पर तंज कसे गए। रामबाग से शुरू हुई रैली मालरोड, आईबैक्स चौक होते हुए रामबाग पहुंची। तख्तियां और बैनर उठाकर लोगों ने सरकार को जमकर घेरा।
रामबाग में आयोजित सभा में भाजपा नेताओं ने सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरा। मनाली विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि पूरे विस क्षेत्र में सड़कों की हालत बद से बदतर हो चुकी है। आपदा में क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को अब तक नहीं सुधारा गया। सेब सीजन शुरू होने वाला है और ऐसे में सड़कों की खराब स्थिति बागवानों की चिंता बढ़ा रही है। उन्होंने मांग की कि सेब सीजन शुरू होने से पहले सड़क व्यवस्था को सुधारा जाए। गोविंद ठाकुर ने बिजली दरों को लेकर भी प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। विस चुनाव के दौरान कांग्रेस ने 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया था, लेकिन 300 यूनिट मुफ्त बिजली देना तो दूर, पहले से मिल रही 125 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा भी बंद कर दी गई है। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष ठाकुर दास, नगर परिषद अध्यक्ष चंद्रा पधान, जिला परिषद सदस्य जिंदु ठाकुर समेत कई नेताओं ने अपने विचार रखे।
000