जिले में 18 से 29 साल तक हैं 74,457 मतदाता, 18 से 19 साल तक के 8,181 युवा करेंगे मतदान
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। लोकसभा चुनाव में मंडी संसदीय क्षेत्र के लिए चुनावी रण सज गया है। भाजपा ने अभिनेत्री कंगना रणौत को टिकट देकर जहां प्रचार शुरू कर दिया है तो वहीं कांग्रेस में बैठकों का दौर जारी है। लोकसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस की नजर युवाओं पर रहेगी। युवा मतदाताओं की चुनाव में अहम भूमिका रहेगी। युवा चुनाव में अधिक रुचि लेते हैं, साथ ही युवाओं में मतदान करने को लेकर काफी उत्साह रहता है। युवा मतदाता किसी भी प्रत्याशी की नैया को पार लगा सकते हैं। कुल्लू जिले में 18 से लेेकर 29 साल तक के करीब 74,457 मतदाता हैं।
लोकसभा चुनाव में 18 से 19 साल तक के 8,181 युवा पहली बार मतदान करेंगे। 18-19 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाता मनाली विधानसभा क्षेत्र में 2057, कुल्लू में 1948, बंजार 1654 और आनी विधानसभा क्षेत्र में 2522 हैं।
20 से 29 आयु वर्ग के जिले में 66,276 मतदाता हैं। इनमें मनाली विस क्षेत्र में 14,335, कुल्लू में 18,246, बंजार में 16,526 और आनी में 17,169 मतदाता हैं। भाजपा ने युवाओं को अपने साथ जोड़ने के लिए चौपाल कार्यक्रम चलाया है। इसके तहत विभिन्न स्थानों पर बैठकें कर युवाओं को केंद्र सरकार की नीतियों से अवगत करवाकर उन्हें साधने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी चुनावी मैदान में डटे हैं। युवा कांग्रेस भी रणनीति तैयार कर रही है। यह देखना काफी दिलचस्प रहेगा कि दोनों दलों को युवा मतदाताओं का कितना फायदा मिलता है।
...
युवा कर्मियों के हवाले मतदान केंद्र की पहल सराहनीय
जिले में पहली बार बार मतदान केंद्र युवा कर्मियों के हवाले रहेंगे। इन मतदान केंद्रों में युवा कर्मचारी ही अपनी सेवाएं देंगे। निर्वाचन आयोग की इस पहल से युवा मतदान के प्रति प्रेरित होंगे। युवाओं की भागीदारी मतदान में अधिक सुनिश्चित होगी।